कानपुर देहात | संवाददाता
पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के निर्देशन में पुलिस कर्मियों को आत्मविकास एवं कैरियर उन्नयन के लिए निरंतर प्रोत्साहित किए जाने की पहल के तहत कानपुर देहात में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शिवम यादव ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर सहायक उपनिरीक्षक (मिनिस्ट्रियल) की विभागीय परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस सफलता के साथ वह कानपुर जोन से पदोन्नति प्राप्त करने वाले एकमात्र कर्मचारी बने हैं।
30 जून 2026 को पुलिस कार्यालय, कानपुर देहात में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने शिवम यादव के कंधों पर स्टार लगाकर उन्हें पदोन्नति प्रदान की और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने शिवम यादव की कार्यनिष्ठा, अनुशासन, समर्पण एवं मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि विभाग के अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शिवम यादव आगे भी पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर विभाग का नाम रोशन करेंगे।
कानपुर देहात पुलिस परिवार ने भी शिवम यादव को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर परिश्रम और समर्पण के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।