हज-2027 हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ, 20 जुलाई 2026 तक कर सकेंगे आवेदन : जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी

प्रेस विज्ञप्ति, उरई दिनांक 29 जून 2026 (सू0वि0)

प्र0 जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नीरज कुमार ने बताया कि उ0प्र0 राज्य हज समिति, मौलाना अली मियां मेमोरियल हज हाउस, सरोजनी नगर, लखनऊ के पत्र दिनांक 23 जून 2026 के क्रम में हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा हज-2027 की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि इच्छुक हज आवेदक हज कमेटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट https://www.hajcommittee.gov.in तथा मोबाइल एप्लीकेशन “हज सुविधा” के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया दिनांक 22 जून 2026 से प्रारंभ होकर दिनांक 20 जुलाई 2026 तक उपलब्ध रहेगी।

उन्होंने बताया कि जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में कुर्रा (डिजिटल रैंडम चयन) प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। इसके उपरांत प्रत्येक प्रोविजनल चयनित हज यात्री को ₹1,52,300/- की अग्रिम धनराशि दिनांक 10 अगस्त 2026 तक जमा करनी होगी। निर्धारित समय-सीमा के पश्चात किसी भी प्रकार की छूट अथवा विस्तार संभव नहीं होगा।

उन्होंने इच्छुक आवेदकों से अपील की है कि वे आवेदन करने से पूर्व हज कमेटी की आधिकारिक वेबसाइट https://www.hajcommittee.gov.in तथा https://www.hajcommittee.up.gov.in पर उपलब्ध हज-2027 की नीति एवं गाइडलाइंस को ध्यानपूर्वक पढ़ लें तथा अपनी पात्रता सुनिश्चित कर लें।

ऑनलाइन आवेदन हेतु निम्न दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड करना अनिवार्य होगा—

  • मशीन पठनीय अंतर्राष्ट्रीय पासपोर्ट के प्रथम एवं अंतिम पृष्ठ (JPG/JPEG, 100–500 KB)
  • नवीन पासपोर्ट आकार का फोटो (JPG/JPEG, 5–20 KB)
  • बैंक पासबुक अथवा निरस्त चेक (JPG/JPEG, 80–250 KB)
  • पते का प्रमाण पत्र (JPG/JPEG, 80–250 KB)

उन्होंने यह भी बताया कि चयन के उपरांत यदि कोई अभ्यर्थी सीट निरस्त कराता है तो हज-2027 गाइडलाइंस के अनुसार जमा धनराशि में कटौती की जाएगी। अतः सभी इच्छुक हज यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन करने से पूर्व अपनी पूर्ण तैयारी एवं यात्रा हेतु दृढ़ प्रतिबद्धता सुनिश्चित करें।

अंत में उन्होंने सभी इच्छुक हज यात्रियों से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर ही ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *