संवाददाता, जालौन
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक जालौन के निर्देशन में पुलिस लाइन सभागार में जनपद के समस्त थानों के विवेचकों, कंप्यूटर ऑपरेटरों एवं नामित पुलिस कर्मियों के लिए सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने हेतु PM RAHAT कैशलेस योजना, eDAR पोर्टल एवं iRAD Mobile App के प्रभावी संचालन एवं उपयोग संबंधी प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण कार्यशाला में क्षेत्राधिकारी यातायात राजीव कुमार शर्मा एवं प्रभारी यातायात वीर बहादुर सिंह अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे। तकनीकी प्रशिक्षण अपर सूचना विज्ञान अधिकारी पंकज कुमार, iRAD मैनेजर प्रवीण कुमार तथा तकनीकी सहायक (NIC जालौन) मेहर प्रकाश द्वारा प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान सड़क दुर्घटना से संबंधित प्रत्येक प्रकरण में समयबद्ध रूप से eDAR पोर्टल पर पीड़ितों का विवरण दर्ज करने, Victim ID तैयार करने तथा PM RAHAT कैशलेस योजना के अंतर्गत पात्र पीड़ितों को त्वरित लाभ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही iRAD Mobile App के माध्यम से दुर्घटना संबंधी सूचनाओं की त्वरित एवं सटीक फीडिंग पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यशाला में पीएम राहत योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने, विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने तथा सड़क सुरक्षा संबंधी शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक सड़क दुर्घटना प्रकरण में निर्धारित मानकों एवं समय-सीमा का पालन करते हुए eDAR एवं iRAD प्रणाली का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए, जिससे दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित चिकित्सा सहायता एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जा सकें।