संवाददाता, कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, सह केंद्र व्यवस्थापक सहित संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी ने परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जनपद में दिनांक 02 एवं 03 जुलाई 2026 को कुल छह परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में तथा 04 जुलाई 2026 को केवल प्रथम पाली में परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली का समय प्रातः 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली का समय अपराह्न 2:30 बजे से सायं 5:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
जनपद में परीक्षा के लिए अकबरपुर इंटर कॉलेज, अकबरपुर महाविद्यालय अकबरपुर, श्री कृष्ण औद्योगिक इंटर कॉलेज (मोहम्मदपुर), श्री रामस्वरूप ग्रामोद्योग इंटर कॉलेज (पुखरायां), आरपीएस इंटर कॉलेज (रूरा) एवं विवेकानंद राष्ट्रीय इंटर कॉलेज (पुखरायां) को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। प्रत्येक पाली में लगभग 2544 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों का पुनः भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए तथा पेयजल, स्वच्छ शौचालय, विद्युत व्यवस्था, पंखे एवं साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने पुलिस विभाग को प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के उद्देश्य से सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों एवं वीडियोग्राफी की समुचित व्यवस्था करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सभी केंद्रों पर तैनात सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को पूर्व निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया।
परिवहन एवं यातायात व्यवस्था के संबंध में निर्देशित किया गया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए तथा वाहनों की पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही, परीक्षार्थियों के आवागमन के लिए पर्याप्त परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी बल दिया गया।
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता, नकल अथवा परीक्षा प्रक्रिया को बाधित करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं पूर्ण सतर्कता के साथ परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
बैठक में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से सभी संबंधित अधिकारियों को विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक ब्रजभूषण चौधरी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, सह केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।