अपर जिलाधिकारी ने की जिला उद्योग एवं व्यापार बन्धु की मासिक बैठक, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

संवाददाता, कानपुर देहात

जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार की अध्यक्षता में जिला उद्योग एवं व्यापार बन्धु की मासिक बैठक मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट कानपुर देहात में आयोजित की गई। बैठक में जनपद के उद्यमियों एवं व्यापारी बन्धुओं द्वारा प्रस्तुत विभिन्न समस्याओं, सुझावों एवं मांगों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी ने कहा कि उद्यमियों एवं व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए, जिससे औद्योगिक इकाइयों का संचालन सुचारु रूप से हो सके।

अपर जिलाधिकारी ने औद्योगिक क्षेत्रों की सड़कों, नालों एवं नालियों की नियमित मरम्मत एवं सफाई कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षुओं को अप्रेंटिसशिप से जोड़ने के विषय पर विशेष चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण एवं अप्रेंटिसशिप की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि स्थानीय युवाओं को अधिकाधिक रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।

बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी रनियां को निर्देशित किया कि औद्योगिक क्षेत्र में साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए रोस्टर तैयार कर नियमित रूप से कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाए। इसके अतिरिक्त व्यापारी बन्धुओं द्वारा विभिन्न स्थानीय समस्याएं एवं सुझाव भी प्रस्तुत किए गए, जिन पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में उपायुक्त उद्योग प्रभात कुमार, उपायुक्त राज्यकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, उद्यमी एवं व्यापारी बन्धु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *