दानवीर भामाशाह जयंती पर मनाया गया ‘व्यापारी कल्याण दिवस’, जनपद के प्रमुख करदाताओं को किया गया सम्मानित

संवाददाता, कानपुर देहात

राज्य कर विभाग, कानपुर देहात द्वारा दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर दिनांक 29 जून 2026 को अकबरपुर तहसील स्थित ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार में “व्यापारी कल्याण दिवस” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी कपिल सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में जनपद के सम्मानित व्यापारी, अधिवक्ता एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर जनपद कानपुर देहात के सर्वाधिक कर योगदान देने वाले दस प्रमुख करदाताओं को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

100 करोड़ रुपये से अधिक वार्षिक टर्नओवर श्रेणी में शिवानी डिटर्जेंट प्राइवेट लिमिटेड की ओर से नीरज सिंह तथा एशिया पेट्रोकेम इंडस्ट्रीज की ओर से आलोक यादव को सम्मानित किया गया। 50 करोड़ से 100 करोड़ रुपये तक की टर्नओवर श्रेणी में बंसल नारायण उद्योग की ओर से आलोक जैन एवं मंगलम वायरॉन की ओर से जितेन्द्र अग्रवाल को सम्मानित किया गया।

इसी प्रकार, 5 करोड़ से 50 करोड़ रुपये तक की टर्नओवर श्रेणी में श्रीयम मोटर्स की ओर से सुभाष मिश्रा तथा परिणिति फूड्स प्राइवेट लिमिटेड को सम्मानित किया गया। 1.5 करोड़ से 5 करोड़ रुपये तक की श्रेणी में अभिलाषा इंटरप्राइजेज की ओर से अभिषेक सिंह एवं त्रिवेदी कॉन्ट्रैक्टर एंड लेबर सप्लायर्स को सम्मानित किया गया। वहीं, 1.5 करोड़ रुपये तक की टर्नओवर श्रेणी में कटियार ब्रिक फील्ड की ओर से प्रभु कटियार एवं जय मां भगवती ब्रिक फील्ड की ओर से ब्रजेश तिवारी को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान व्यापारिक संगठनों एवं अधिवक्ता समुदाय के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें आशीष गुप्ता ‘मोनू’, जिलाध्यक्ष उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, ओमपाल सिंह, जिलाध्यक्ष भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, अनुभव अग्रवाल, जिलाध्यक्ष उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल तथा संतोष सक्सेना, अध्यक्ष टैक्स बार एसोसिएशन, कानपुर देहात प्रमुख रूप से शामिल रहे।

मुख्य अतिथि प्रतिभा शुक्ला एवं जिलाधिकारी कपिल सिंह ने व्यापारियों एवं उद्यमियों को शासन की विभिन्न व्यापारी हितैषी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। उन्होंने दानवीर भामाशाह के जीवन, आदर्शों एवं समाज के प्रति उनके योगदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। साथ ही, व्यापारियों से समय पर कर भुगतान करने, उपभोक्ता अधिकारों का सम्मान करने तथा पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण व्यापारिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने की अपील की।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, संयुक्त आयुक्त (वि.अनु.शा.) राज्य कर कानपुर शिविका सिंह, उपायुक्त राज्य कर खंड-1 अमित अग्रवाल, उपायुक्त राज्य कर खंड-2 अच्छेर लाल सिंह, सहायक आयुक्त राज्य कर नरेश कुमार एवं श्याम रीत, राज्य कर अधिकारी विवेक विश्नोई, राजीव तिवारी, राजीव शर्मा तथा राजेश कुमार उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से उपजिलाधिकारी अकबरपुर राजकुमार पाण्डेय, उपजिलाधिकारी नीलिमा सिंह एवं तहसीलदार अकबरपुर पवन कुमार भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन सहायक आयुक्त राज्य कर अजय विक्रम द्वारा किया गया। समारोह में सम्मानित व्यापारी बंधुओं, अधिवक्ताओं एवं व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *