संवाददाता, कानपुर देहात
बड़ौदा आरसेटी, कानपुर देहात में दिनांक 29 जून 2026 को अगरबत्ती निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत सरवनखेड़ा विकास खंड की ग्राम पंचायत सैंथा के ग्राम सेरुआ में संचालित स्वयं सहायता समूह की 30 महिलाओं को अगरबत्ती उद्योग स्थापित करने हेतु 12 दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेविका दीपिका सेंगर उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान के निदेशक मयंक कटियार ने सभी प्रशिक्षुओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर उन्हें प्रमाण-पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कौशल विकास कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं।
इस अवसर पर संस्थान के संकाय सदस्य निखिल मिश्रा, प्रशिक्षिका हेमलता प्रजापति एवं संस्थान के अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।