संवाददाता, कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित कर जनपद के विभिन्न तहसीलों एवं ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी प्रार्थना-पत्रों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को उनके प्रकरणों की प्रगति से अवगत कराना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि आवेदकों को समय-समय पर उनके मामलों की वर्तमान स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिससे प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
जिलाधिकारी ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं तथा जनशिकायत निस्तारण प्रणाली के अंतर्गत संचालित आईजीआरएस पोर्टल की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर प्राप्त कोई भी शिकायत लंबित न रहे तथा सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा सके।