संवाददाता, कानपुर देहात
मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत दिनांक 29 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत थाना पुलिस द्वारा बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही, उन्हें विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) तथा 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) के बारे में जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त, महिलाओं एवं बालिकाओं को यूपीकॉप (UPCOP) ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। सोशल मीडिया एवं इंटरनेट के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों, जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में भी व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।
अभियान के दौरान महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों एवं विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनों, जैसे पॉक्सो अधिनियम (POCSO Act), दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के अंतर्गत साइबर अपराधों से संबंधित प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।
मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने हेतु यह अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित एवं सशक्त वातावरण प्रदान करना तथा अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति को और अधिक प्रभावी बनाना है।
कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सशक्त समाज के निर्माण में सभी नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है।