तहसील अकबरपुर में मत्स्य पालन हेतु तालाबों के आवंटन के लिए 14 जुलाई को होगी सार्वजनिक नीलामी

संवाददाता, कानपुर देहात

उपजिलाधिकारी अकबरपुर ने जानकारी देते हुए बताया कि तहसील अकबरपुर, जनपद कानपुर देहात के अंतर्गत मत्स्य पालन के लिए उपयुक्त तालाबों का 10 वर्षीय पट्टा/आवंटन सार्वजनिक नीलामी के माध्यम से किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यह नीलामी 14 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे तहसील अकबरपुर स्थित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार में आयोजित की जाएगी। नीलामी की प्रक्रिया उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता, 2006 की धारा-61 तथा उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता नियमावली, 2016 के नियम 57 एवं 58 में निहित प्रावधानों के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।

उपजिलाधिकारी ने बताया कि पात्र व्यक्तियों को नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से 10 वर्षों की अवधि के लिए मत्स्य पालन हेतु तालाबों का पट्टा प्रदान किया जाएगा। नीलामी में प्रतिभाग करने के इच्छुक अभ्यर्थियों को ₹5,000 की जमानत धनराशि जमा करनी होगी। साथ ही, अभ्यर्थियों के आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र विज्ञापन की तिथि से छह माह के भीतर जारी किए गए होने चाहिए।

उन्होंने बताया कि निर्धारित शर्तों एवं पात्रता मानदंडों का पालन करने वाले अभ्यर्थियों को नीलामी प्रक्रिया में प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। तहसील प्रशासन ने सभी इच्छुक एवं पात्र व्यक्तियों से निर्धारित तिथि, समय एवं आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित होकर नीलामी में प्रतिभाग करने की अपील की है।

प्रशासन ने कहा है कि नीलामी प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता एवं नियमानुसार संपन्न कराया जाएगा, जिससे पात्र व्यक्तियों को मत्स्य पालन के क्षेत्र में स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *