जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस 4 जुलाई को तहसील अकबरपुर में होगा आयोजित प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में आयोजित होगा ‘संपूर्ण समाधान दिवस’

संवाददाता, कानपुर देहात

जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार ने बताया कि जनपद की सभी तहसीलों में प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। शासन के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले इन समाधान दिवसों में जनसामान्य की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रत्येक तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जाएगी। इस दौरान संबंधित तहसील के उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस एवं विभिन्न विभागों के जिला तथा तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे और प्राप्त शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करने का प्रयास करेंगे। जिन शिकायतों का तत्काल समाधान संभव नहीं होगा, उनका निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार यदि किसी निर्धारित शनिवार को सार्वजनिक अवकाश पड़ता है, तो संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन अगले कार्य दिवस में किया जाएगा।

जनपद में 4 जुलाई 2026 से 19 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले संपूर्ण समाधान दिवसों का रोस्टर जारी कर दिया गया है। जारी रोस्टर के अनुसार विभिन्न तिथियों पर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी तथा अपर जिलाधिकारी (प्रशासन एवं वित्त/राजस्व) अलग-अलग तहसीलों में जनसमस्याओं की सुनवाई करेंगे।

इसी क्रम में 4 जुलाई 2026 को जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील अकबरपुर में आयोजित होगा। वहीं, तहसील भोगनीपुर में मुख्य विकास अधिकारी, तहसील डेरापुर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), तहसील मैथा में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) तथा अन्य तहसीलों में संबंधित उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जाएगा।

सभी संपूर्ण समाधान दिवस प्रातः 10:00 बजे से प्रारंभ होंगे। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान हेतु निर्धारित तिथि एवं संबंधित तहसील में उपस्थित होकर अपनी शिकायतें प्रस्तुत करें, जिससे उनका प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *