कोचिंग संस्थानों, अस्पतालों व होटलों का होगा व्यापक सेफ्टी ऑडिट, जिलाधिकारी ने गठित की 5 संयुक्त जांच टीमें

जनपद जालौन, 23 जून 2026 (सूचना विभाग प्रकाशनार्थ)।

जनपद में नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने सभी कोचिंग संस्थानों, अस्पतालों एवं होटलों में सुरक्षा मानकों एवं वैधानिक व्यवस्थाओं की व्यापक जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

इस उद्देश्य से तहसीलवार पांच संयुक्त जांच टीमों का गठन किया गया है, जिनमें विकास प्राधिकरण, अग्निशमन विभाग, राजस्व विभाग एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को शामिल किया गया है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जनपद में संचालित प्रत्येक कोचिंग संस्थान, अस्पताल एवं होटल का विस्तृत सुरक्षा ऑडिट किया जाए। इसमें भवन सुरक्षा, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा तथा संचालन संबंधी वैधानिक स्वीकृतियों की गहन जांच की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों, मरीजों एवं आमजन की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि कोई संस्थान बिना अनुमति या निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित पाया जाता है तो उसके विरुद्ध तत्काल प्रभाव से कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने निर्देश दिए कि निरीक्षण केवल औपचारिकता न होकर वास्तविक स्थिति का आकलन होना चाहिए तथा पाई गई कमियों पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

अभियान की प्रभावी निगरानी हेतु अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं अपर पुलिस अधीक्षक को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *