संवाददाता, कानपुर देहात
कानपुर देहात, 23 जून 2026। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. बल्देव प्रसाद ने बताया कि उद्यान विभाग द्वारा राजकीय कृषि प्रक्षेत्र डींघ में स्थापित हाईटेक नर्सरी में सब्जी पौध उत्पादन का कार्य पुनः प्रारंभ कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि माह अप्रैल एवं मई में अत्यधिक गर्मी एवं कृषकों की मांग कम होने के कारण पौध उत्पादन कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया गया था, जिसे अब पुनः शुरू कर दिया गया है।
किसान भाई अब लौकी, तरोई, कद्दू, खीरा, कुम्हड़ा, मिर्च, बैंगन, पपीता, फूलगोभी, पातगोभी आदि सब्जियों की पौध हाईटेक नर्सरी में उपलब्ध करा सकते हैं, जो लगभग 25 दिन में तैयार होकर प्राप्त की जा सकती है।
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि इस हाईटेक नर्सरी में उत्पादित पौध स्वस्थ एवं कीट-रोग मुक्त होती है, जिससे पौध की जीवित रहने की दर लगभग शत-प्रतिशत रहती है। इससे किसानों का बीज पर खर्च कम होता है तथा मौसम एवं समय की अनिश्चितताओं से भी बचाव होता है।
उन्होंने बताया कि अन्य सब्जियों की पौध के लिए किसान अग्रिम बुकिंग कराकर भी लाभ प्राप्त कर सकते हैं। विभाग की विभिन्न योजनाओं जैसे एकीकृत बागवानी विकास मिशन, मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना तथा अनुसूचित जाति कृषकों हेतु औद्यानिक विकास योजना के अंतर्गत किसानों को निःशुल्क बीज उपलब्ध कराया जाता है।
हाईटेक नर्सरी में उत्पादन कराने वाले कृषकों को विभागीय योजनाओं में प्राथमिकता दी जाएगी तथा ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली से भी लाभान्वित किया जाएगा।
अधिक जानकारी हेतु किसान हाईटेक नर्सरी प्रभारी रमेश चन्द्र कटियार (मो. 6392626116, 9450290756) तथा जिला उद्यान अधिकारी (मो. 7753920906) या विकास भवन, कमरा नंबर 312, माती में संपर्क कर सकते हैं।