गोहन थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुरा गांव में वृद्ध का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

संवाददाता, उरई/जालौन

जनपद जालौन के थाना गोहन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पृथ्वीपुरा में एक वृद्ध व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 22 जून 2026 को ग्राम पृथ्वीपुरा में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच की गई, जहां गिरजाशंकर तिवारी (लगभग 75 वर्ष) का शव बरामद हुआ।

बताया गया कि गिरजाशंकर तिवारी अपने खेत स्थित ट्यूबवेल पर रात में सोने के लिए गए थे। सुबह लगभग 5:30 बजे उनका पुत्र उन्हें देखने के लिए खेत पहुंचा, जहां उसने पिता को मृत अवस्था में पाया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई कराई जा रही है तथा पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक जालौन ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *