विशेष अभियान में 164 वाहनों का चालान, ₹13.95 लाख का शमन शुल्क वसूला

कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात) के निर्देशों एवं पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन हेतु विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना था।

अभियान के तहत यातायात पुलिस, थाना पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा 20 जून 2026 को रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग की गई। इस दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके साइलेंसर, हॉर्न, नंबर प्लेट एवं अन्य आवश्यक मानकों की जांच की। साथ ही ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की शराब सेवन संबंधी जांच भी की गई।

विशेष अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, दोषपूर्ण नंबर प्लेट तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

अभियान के परिणामस्वरूप कुल 164 वाहनों का चालान किया गया तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से ₹13,95,000 (तेरह लाख पचानवे हजार रुपये) का शमन शुल्क वसूल किया गया।

पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में ऐसे विशेष एवं आकस्मिक अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

जनपद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *