संवाददाता, कानपुर देहात
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जनपद कानपुर देहात में संचालित समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत शनिवार को प्रगति पथ यात्रा एवं जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार द्वारा पूर्ण कराई गई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की उपलब्धियों को जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के समक्ष प्रस्तुत करना तथा उनकी जनउपयोगिता से आमजन को अवगत कराना रहा।
यह अभियान 5 जून से 21 जून 2026 तक जनपद में संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र अकबरपुर की प्रमुख विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कराया गया। साथ ही राजकीय मेडिकल कॉलेज, कुम्भी में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री (महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार) प्रतिभा शुक्ला रहीं। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने सहभागिता की।
प्रगति पथ यात्रा के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति, निर्माण अवधि, लागत तथा जनहित में उनकी उपयोगिता की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। कार्यक्रम में विशेष रूप से अकबरपुर-रुरा-शिवली मार्ग पर रुरा रेलवे स्टेशन के निकट निर्मित दो लेन रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) का उल्लेख किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि जनवरी 2025 में इस परियोजना को जनसामान्य के लिए खोल दिया गया था। पहले रेलवे फाटक पर ट्रेनों के आवागमन के कारण बार-बार जाम की स्थिति उत्पन्न होती थी, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। आरओबी के निर्माण के बाद यातायात सुगम हुआ है तथा क्षेत्र की आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को नई गति मिली है। यह परियोजना भविष्य की परिवहन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित की गई है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज, कुम्भी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार द्वारा किए गए निवेश, चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, गुणवत्तापूर्ण उपचार सेवाओं की उपलब्धता तथा चिकित्सा शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के प्रयासों की जानकारी भी साझा की गई। उपस्थित लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभों से अवगत कराया गया।
मुख्य अतिथि राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सेवा, संस्कार, सुशासन और सम्मान की भावना के साथ सरकार लगातार जनहित में कार्य कर रही है तथा विकास परियोजनाएं विकसित एवं आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से आह्वान किया कि शासन की योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग उनका लाभ प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जनसहभागिता को प्राथमिकता देते हुए विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से अधिकाधिक नागरिकों तक पहुंच सके।