संवाददाता, उरई/जालौन
यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सड़क परिवहन नियमों का प्रभावी पालन कराने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न मार्गों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध रूप से संचालित एवं परमिट शर्तों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध सघन जांच की गई।
प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 6 वाहनों के विरुद्ध चालान एवं निरुद्धीकरण की कार्रवाई की। विभाग द्वारा यह कार्रवाई यात्रियों की सुरक्षा और सड़क परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से की गई।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुरेश कुमार ने वाहन चालकों को निर्देशित किया कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज, जैसे परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, कर जमा प्रमाणपत्र एवं पंजीयन प्रमाणपत्र आदि अद्यतन रखें। साथ ही उन्होंने निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाने और यात्रियों की सुरक्षा संबंधी सभी मानकों का पालन करने पर जोर दिया।
उन्होंने वाहन संचालकों को यह भी निर्देश दिए कि वाहनों में फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशामक यंत्र एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध होने चाहिए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में कोई वाहन चालक बिना वैध दस्तावेजों के अथवा परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। आवश्यक होने पर वाहन के पंजीयन अथवा परमिट निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी अमल में लाई जाएगी, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी वाहन स्वामी एवं चालक की होगी।
उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग द्वारा नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। विभाग ने वाहन स्वामियों एवं चालकों से सभी नियमों का पालन करने और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।