संवाददाता, कानपुर देहात
जनपद कानपुर देहात के मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुबोध कुमार ने बताया कि किसानों को पशुपालन व्यवसाय के लिए प्रोत्साहित करने, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से नन्द बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री गो-संवर्धन योजना लागू की गई है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत किसानों को दो स्वदेशी उन्नत नस्लों की गायों की इकाई स्थापित करने पर अधिकतम 80 हजार रुपये तक का अनुदान प्रदान किया जाएगा। इस योजना में गिर, साहीवाल, थारपारकर एवं हरियाणा नस्ल की गायों को शामिल किया गया है।
योजना का लाभ प्राप्त करने के इच्छुक किसान 11 जून 2026 से 10 जुलाई 2026 तक नन्द बाबा दुग्ध मिशन के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना से संबंधित सभी आवश्यक दिशा-निर्देश एवं पात्रता संबंधी जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाकर पशुपालन को आय का सशक्त माध्यम बनाएं तथा दुग्ध उत्पादन बढ़ाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
योजना के संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए किसान अपने निकटतम पशु चिकित्सालय अथवा मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।