थाना मंगलपुर पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक अभियुक्त को किया गिरफ्तार मध्य प्रदेश से चोरी की गई स्प्लेंडर बाइक बरामद, आरोपी न्यायालय में किया जाएगा पेश

संवाददाता
कानपुर देहात, 15 जून 2026

जनपद में अपराध नियंत्रण एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मंगलपुर पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। बरामद बाइक मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से चोरी की गई थी।

पुलिस के अनुसार, 14 जून 2026 को थाना मंगलपुर पुलिस टीम कस्बा झींझक स्थित ओवरब्रिज से रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर सहकारी संघ के पास संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक पुलिस को देखकर बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा।

संदेह होने पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम ज्ञानी (24 वर्ष) पुत्र बीरेन्द्र सिंह, निवासी ओरंगाबाद झड़ा, थाना मंगलपुर, जनपद कानपुर देहात बताया। बाइक के कागजात मांगने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 2 जनवरी 2026 को सुभाष नगर स्टेशन रोड, मुरैना (मध्य प्रदेश) से उक्त मोटरसाइकिल चोरी की थी। उसने यह भी बताया कि वह चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है और निजी कार्य से रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी को 14 जून 2026 की रात करीब 10:10 बजे हिरासत में लेकर उसके कब्जे से बिना नंबर प्लेट की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की। बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर थाना मंगलपुर में मु0अ0सं0 160/2026 के तहत धारा 35(1) बीएनएसएस एवं 317(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है।

अभियुक्त का आपराधिक इतिहास

  • मु0अ0सं0 304/2019, धारा 323/452/504 भादवि, थाना मंगलपुर, कानपुर देहात।
  • मु0अ0सं0 160/2026, धारा 35(1) बीएनएसएस एवं 317(2) बीएनएस, थाना मंगलपुर, कानपुर देहात।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

  • उपनिरीक्षक अवनीश कुमार वर्मा
  • हेड कांस्टेबल अवधेश सिंह
  • कांस्टेबल संतोष कुमार
  • कांस्टेबल रघुराज

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *