17 जून को ईको पार्क माती में आयोजित होगा किसान दिवस जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सुनी जाएंगी किसानों की समस्याएं, विभागीय योजनाओं की भी मिलेगी जानकारी

संवाददाता
कानपुर देहात, 15 जून 2026

किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं कृषि संबंधी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय किसान दिवस का आयोजन 17 जून 2026 (बुधवार) को सामुदायिक भवन, ईको पार्क माती में किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक आयोजित होगा।

उप कृषि निदेशक हरीशंकर भार्गव ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को किसान दिवस आयोजित किया जाता है, जिसमें किसानों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के साथ-साथ उन्हें कृषि क्षेत्र की नवीनतम तकनीकों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाती है।

किसान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की अध्यक्षता में किया जाएगा। कार्यक्रम में कृषि विभाग के साथ-साथ उद्यान, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता, मंडी समिति, लघु सिंचाई, सिंचाई, विद्युत, जल निगम, कृषि विज्ञान केंद्र, अग्रणी बैंक, नेडा तथा फसल बीमा कंपनी के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान किसान अपनी कृषि, सिंचाई, बिजली, बीज, उर्वरक, पशुपालन, ऋण, फसल बीमा एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे, जिनका मौके पर निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा।

इसके अलावा उपस्थित किसानों को विभागीय योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत खेती के तरीकों, प्राकृतिक खेती, बागवानी, फसल प्रबंधन एवं कृषि से जुड़ी नई तकनीकों की भी विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

उप कृषि निदेशक ने जनपद के अधिक से अधिक किसानों से किसान दिवस में भाग लेकर अपनी समस्याओं के समाधान एवं विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *