संवाददाता
कानपुर देहात, 15 जून 2026
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के तहत विकास खंड अमरौंधा में 16 जून को भव्य जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान करेंगे।
जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में खंड विकास अधिकारी अमरौंधा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनहितकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। शिविर का आयोजन 16 जून 2026 को प्रातः 11:00 बजे विकास खंड अमरौंधा परिसर में किया जाएगा।
विभिन्न विभाग लगाएंगे स्टॉल
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इन प्रमुख योजनाओं की मिलेगी जानकारी
स्वास्थ्य मेले एवं जनकल्याण शिविर में नागरिकों को आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना तथा अटल पेंशन योजना सहित कई केंद्रीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही इन योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियां भी प्रदर्शित की जाएंगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, मुख्यमंत्री किसान दुर्घटना कल्याण योजना, मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना एवं मुख्यमंत्री बाल योजना सहित राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण भी किया जाएगा।
स्वास्थ्य सेवाओं का भी मिलेगा लाभ
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं विभिन्न चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य एवं सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं पर्यवेक्षण के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जय गोविंद को नोडल अधिकारी तथा परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण अनिरुद्ध सिंह चौहान को सह नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
जिला प्रशासन ने क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं एवं केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।