संवाददाता
कानपुर देहात, 15 जून 2026
अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगारपरक कंप्यूटर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सीसीसी (Course on Computer Concepts) प्रशिक्षण योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 16 जून से 10 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि योजना के अंतर्गत भारत सरकार की संस्था नीलिट (राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान) से मान्यता प्राप्त संस्थाओं के माध्यम से तीन माह का सीसीसी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल कौशल प्रदान कर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
पात्रता की प्रमुख शर्तें
- अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश का निवासी एवं अन्य पिछड़ा वर्ग का बेरोजगार युवक या युवती होना चाहिए।
- न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट (10+2) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
- अभ्यर्थी की अधिकतम आयु 35 वर्ष निर्धारित की गई है।
- माता-पिता/अभिभावक की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 1 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
- अभ्यर्थी किसी शिक्षण संस्था से छात्रवृत्ति प्राप्त नहीं कर रहा हो।
तीन माह का मिलेगा प्रशिक्षण
योजना के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों को तीन माह का सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। विभाग द्वारा प्रति लाभार्थी अधिकतम 3,500 रुपये तक की प्रशिक्षण शुल्क राशि सीधे चयनित मान्यता प्राप्त कंप्यूटर संस्था को भुगतान की जाएगी।
दस्तावेजों का होगा सत्यापन
आवेदन में दर्ज सभी जानकारियों का मूल अभिलेखों जैसे आय, जाति, निवास एवं शैक्षिक प्रमाण पत्रों से सत्यापन किया जाएगा। गलत जानकारी या अपूर्ण दस्तावेज पाए जाने पर आवेदन निरस्त किया जा सकता है।
आवेदन प्रक्रिया
इच्छुक अभ्यर्थी 16 जून से 10 जुलाई 2026 तक पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के कंप्यूटर प्रशिक्षण पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के बाद आवेदन पत्र की हार्डकॉपी आवश्यक दस्तावेजों सहित 10 जुलाई 2026 सायं 5:00 बजे तक जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, कमरा संख्या-111, कानपुर देहात में जमा करना अनिवार्य होगा।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने पात्र युवक-युवतियों से समयसीमा के भीतर आवेदन कर इस रोजगारपरक प्रशिक्षण योजना का लाभ उठाने की अपील की है।