संवाददाता
कानपुर देहात
12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून 2026) एवं 15 से 21 जून तक आयोजित किए जा रहे योग सप्ताह के तहत जनपद कानपुर देहात में सोमवार को योग सप्ताह का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन 50 शैय्या एकीकृत आयुष चिकित्सालय, शुक्ला तालाब सहित जनपद की सभी तहसीलों में किया गया।
इस वर्ष की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” के अनुरूप नागरिकों को नियमित योग अपनाने एवं स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। योग सप्ताह का शुभारंभ विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक ने किया।
कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी कपिल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, जिला होम्योपैथिक मेडिकल ऑफिसर डॉ. राजश्री एवं क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. कप्तान सिंह के निर्देशन में जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, आयुष विभाग, गैर सरकारी संस्थानों के नर्सिंग स्टाफ, ब्रह्मकुमारी योग संस्था तथा एनसीसी के सहयोग से किया गया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य भी उपस्थित रहे।
उद्घाटन सत्र में योग विषयक जन-जागरूकता रैली निकाली गई तथा सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
दोपहर सत्र में आयोजित योग संगोष्ठी में योग के सामाजिक, मानसिक एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। अपने संबोधन में अरुण पाठक ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मानुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और मानसिक व व्यक्तिगत विकास के लिए इसे अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिवम सिंह ने किया। इस अवसर पर योग नोडल अधिकारी डॉ. पवन सिंह, चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. बृजेश आर्य, डॉ. आफताब आलम, डॉ. अमर सिंह, डॉ. रविंद्र सिंह सहित अन्य चिकित्साधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जनपद की सभी तहसीलों में भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में योग सप्ताह का शुभारंभ किया गया। योग सत्र में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों के लिए आयुष मंत्रालय द्वारा जारी टोल फ्री नंबर 18003157008 के माध्यम से पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई।