v
संवाददाता
कानपुर देहात
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारंभिक) परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर जिलाधिकारी कपिल सिंह ने अकबरपुर महाविद्यालय, अकबरपुर स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए तथा शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी मूलभूत व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परीक्षा की प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि परीक्षा सकुशल, निष्पक्ष एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सके।