विश्व रक्तदाता दिवस पर जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर का शुभारंभ

संवाददाता
कानपुर देहात

विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का शुभारंभ जिलाधिकारी कपिल सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताया।

जिलाधिकारी ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा महादान है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद लोगों का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान न केवल किसी मरीज के लिए जीवनदायी साबित होता है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को भी मजबूत करता है।

शिविर के दौरान जिलाधिकारी ने रक्तदान कर रहे पंकज सिंह एवं आकांक्षा का उत्साहवर्धन किया और उनके इस मानवीय एवं प्रेरणादायी कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदाता समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं, जिनके सहयोग से आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो पाता है।

उन्होंने उपस्थित लोगों से नियमित अंतराल पर रक्तदान करने का संकल्प लेने का आह्वान किया और कहा कि प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को समय-समय पर रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

रक्तदान शिविर का उद्देश्य आमजन में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस), एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ, चिकित्सकगण, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्वैच्छिक रक्तदाता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *