केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर उद्यमी संवाद कार्यक्रम आयोजित

संवाददाता
कानपुर देहात

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद में आयोजित जन-जागरूकता एवं विकास कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, कानपुर देहात द्वारा द फर्न होटल, रनियां में उद्यमी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं पर चर्चा करना था।

कार्यक्रम में जनपद के लगभग 50 से 60 उद्यमियों एवं उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया और औद्योगिक विकास, निवेश, विपणन, बैंक ऋण तथा विभागीय प्रक्रियाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

उपायुक्त उद्योग प्रभात यादव ने उपस्थित उद्यमियों का स्वागत करते हुए शासन द्वारा संचालित औद्योगिक एवं स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनपद में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए उद्यमियों के सुझावों को प्राथमिकता के साथ लिया जाएगा तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रयास किया जाएगा।

संवाद कार्यक्रम में उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, निवेश को प्रोत्साहन, विपणन सहायता, बैंक ऋण प्रक्रिया को सरल बनाने तथा विभागीय कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी एवं सुगम बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उपायुक्त उद्योग ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए यथाशीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी), विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, एमएसएमई पॉलिसी-2022, तकनीकी यूनियन योजना सहित विभिन्न उद्योग प्रोत्साहन योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी उद्यमियों को प्रदान की गई।

कार्यक्रम में अनुराग मालवीय (जोन अध्यक्ष, लघु उद्योग भारती), राजीव माहेश्वरी (अध्यक्ष, रनियां सहकारी समिति), उदयवीर सिंह, विक्रम दुबे, हिमांशु सिंह, एस.के. सिंह सहित जनपद के अनेक प्रमुख उद्यमी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में उद्यमी मित्र नवनीत कुमार, प्रधान सहायक महिपाल सिंह एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर विपिन सोनकर का विशेष सहयोग रहा। अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए उद्योग एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के लिए भविष्य में भी ऐसे संवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने पर बल दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *