केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर अमरौधा में जन जागरूकता एवं जन संवाद कार्यक्रम आयोजित

संवाददाता
कानपुर देहात

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” थीम के अंतर्गत नगर पंचायत अमरौधा के वार्ड संख्या-09 में जन जागरूकता शिविर एवं जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। “सरकार आपके द्वार” अभियान के माध्यम से नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और जनसंवाद के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान भी सुनिश्चित किया जा रहा है।

अपने संबोधन में उन्होंने महिलाओं, युवाओं एवं आम नागरिकों से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया तथा कहा कि जनभागीदारी से ही विकास की गति और तेज होगी।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सौरभ मिश्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष अनीसा बेगम, अधिशासी अधिकारी नीति त्रिपाठी, उपखंड अधिकारी एवं अवर अभियंता विद्युत वितरण खंड अमरौधा, पुलिस चौकी प्रभारी अमित पोरवाल, क्षेत्रीय लेखपाल अजीत कुमार, सभासदगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा पात्र लाभार्थियों तक शासन की योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *