पुलिस अधीक्षक ने अकबरपुर में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, बाजारों एवं संवेदनशील स्थलों का किया निरीक्षण, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की हुई सघन चेकिंग

संवाददाता
कानपुर देहात

जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने एवं आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद ने थाना अकबरपुर क्षेत्र में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने कस्बा अकबरपुर से माती-अकबरपुर रोड तथा आसपास के मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, बाजारों एवं संवेदनशील स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना गया तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी भी साझा की गई।

गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की गई। बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों, संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की जांच की गई। साथ ही क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के लिए पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं राहगीरों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने कहा कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के लिए पैदल गश्त, वाहन चेकिंग एवं अन्य सुरक्षा संबंधी अभियान लगातार संचालित किए जा रहे हैं। जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कानपुर देहात पुलिस जनता की सुरक्षा, सेवा और विश्वास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *