संवाददाता
उरई/जालौन
कोतवाली जालौन पुलिस एवं स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर अपराधी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल एवं अवैध तमंचा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली जालौन पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम द्वारा संयुक्त रूप से संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान वाहन चोरी के मामलों में वांछित हिस्ट्रीशीटर एवं 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी की पुलिस टीम से मुठभेड़ हो गई।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल तथा एक अवैध तमंचा बरामद किया गया। पुलिस ने बरामदगी को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में आरोपी के वाहन चोरी की कई घटनाओं में शामिल होने की जानकारी मिली है। उसके आपराधिक इतिहास एवं अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। ऐसे अपराधियों के विरुद्ध भविष्य में भी प्रभावी अभियान जारी रहेगा।