संवाददाता | उरई/जालौन
अपर पुलिस अधीक्षक जालौन ने कानून-व्यवस्था एवं थाना व्यवस्थाओं की समीक्षा के उद्देश्य से कोतवाली कालपी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का गहन अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय के अभिलेखों, एचएस इंडेक्स, मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, हवालात एवं मालखाने की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के समुचित रखरखाव एवं समय-समय पर उनके अद्यतन किए जाने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने, वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी करने तथा अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई, रिकॉर्ड प्रबंधन एवं जनसुविधाओं की भी समीक्षा करते हुए कहा कि थाना परिसर में आने वाले फरियादियों को बेहतर वातावरण एवं त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों का निष्पक्ष एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करते हुए कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।