संवाददाता | उरई/जालौन
पुलिस अधीक्षक जालौन ने जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से गूगल मीट के माध्यम से क्षेत्राधिकारीगण एवं थाना प्रभारीगण के साथ वर्चुअल जनसुनवाई आयोजित की।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न थानों एवं कार्यालयों में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी शिकायतों का उचित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए उन्हें शीघ्र न्याय दिलाया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई पुलिस और आमजन के बीच विश्वास का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ करें, ताकि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें समय पर न्याय मिल सके।