साइबर हेल्प डेस्क की तत्परता से ठगी के शिकार युवक को मिले 18 हजार रुपये व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजकर की गई थी 39 हजार रुपये की साइबर ठगी, शेष राशि की बरामदगी के प्रयास जारी

संवाददाता | कानपुर देहात

जनपद कानपुर देहात में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने के अभियान के तहत थाना शिवली पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने सराहनीय कार्य करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक युवक के खाते में 18 हजार रुपये की धनराशि वापस कराई है।

पुलिस के अनुसार कस्बा एवं थाना शिवली निवासी सौरभ यादव पुत्र शिव सिंह यादव को साइबर ठग ने व्हाट्सएप पर एक एपीके फाइल भेजकर उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया था। इसके बाद उनके बैंक खाते से 39 हजार रुपये की अवैध निकासी कर साइबर ठगी की घटना को अंजाम दिया गया।

पीड़ित ने 17 मई 2026 को थाना शिवली स्थित साइबर हेल्प डेस्क में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता के माध्यम से 12 जून 2026 को पीड़ित के खाते में 18 हजार रुपये वापस कराए। शेष धनराशि की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई जारी है।

अपनी रकम वापस मिलने पर शिकायतकर्ता ने कानपुर देहात पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए साइबर हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली की सराहना की।

साइबर सुरक्षा के लिए पुलिस की अपील

  • मोबाइल फोन खोने या चोरी होने पर सीईआईआर पोर्टल एवं संचार साथी एप्लीकेशन के माध्यम से तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।
  • ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि सुरक्षित कराई जा सके।

कार्रवाई करने वाली टीम

  • प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह
  • उपनिरीक्षक सोमवीर सिंह
  • कंप्यूटर ऑपरेटर अतुल कुमार
  • महिला कांस्टेबल प्रीति सोनकर

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, एपीके फाइल या संदिग्ध मैसेज पर क्लिक न करें और साइबर सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *