संवाददाता | कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग एवं अनुसूचित जाति शादी अनुदान योजना की समीक्षा बैठक जूम मीटिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों एवं नामित प्रतिनिधियों ने भाग लेकर योजना की प्रगति की समीक्षा की।
मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र से माननीय मंत्री राकेश सचान के प्रतिनिधि करूणा शंकर दिवाकर, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सुकर्मन सिंह एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी गीता सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजना के अंतर्गत कुल 452 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि अनुसूचित जाति एवं सामान्य वर्ग के लिए 114 आवेदन प्राप्त हुए हैं। विभाग को अनुसूचित जाति के लिए 556, सामान्य वर्ग के लिए 210 तथा पिछड़ा वर्ग के लिए 981 लाभार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बैठक में जानकारी दी गई कि समाज कल्याण विभाग को 11 लाख रुपये तथा पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग को 98.20 लाख रुपये का बजट प्राप्त हुआ है। वहीं अनुसूचित जाति के लाभार्थियों के लिए अतिरिक्त बजट की मांग विभाग स्तर पर की गई है।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को शीघ्र पत्रावली तैयार कर आवश्यक बजट की मांग भेजने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि शादी अनुदान योजना के तहत तहसील एवं विकास खंड स्तर पर लंबित सभी आवेदन पत्रों का सत्यापन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित कर लंबित प्रकरणों का जल्द निस्तारण सुनिश्चित करने तथा पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से योजना का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक बिना किसी अनावश्यक विलंब के पहुंचना प्रशासन की प्राथमिकता है।