संवाददाता | कानपुर देहात
महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना भोगनीपुर पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 30 मई 2026 को पीड़िता पक्ष की तहरीर के आधार पर थाना भोगनीपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 87 एवं 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान, मेडिकल परीक्षण तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में बीएनएस की धारा 64(1) एवं 351(2) भी बढ़ाई गई।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नामित आरोपी विवेक कुमार उर्फ सुरेश कुमार (22 वर्ष) पुत्र अवधेश कुमार उर्फ मनोहरि, निवासी ग्राम बिदखुरी की मड़ैया, थाना भोगनीपुर, जनपद कानपुर देहात को हरदुआ पुल टेंपो स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मामले में अन्य विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है तथा गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
थाना भोगनीपुर पुलिस ने बताया कि महिला सुरक्षा एवं महिला संबंधी अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक वीरपाल सिंह एवं आरक्षी प्रवीन कुमार की पुलिस टीम शामिल रही।