संवाददाता | कानपुर देहात
उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, नकलविहीन एवं पूर्णतः पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्री आलोक प्रसाद ने जनपद के श्री कृष्णा औद्योगिक इंटर कॉलेज, मुहम्मदपुर स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्र पर स्थापित सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, फायर फाइटिंग उपकरणों की उपलब्धता, प्रवेश एवं निकास द्वारों पर बनाए गए चेकिंग प्वाइंट तथा अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा की निष्पक्षता एवं शांतिपूर्ण संचालन सुनिश्चित करने के लिए सभी व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन किया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए और किसी प्रकार की भीड़भाड़ या अव्यवस्था उत्पन्न न होने दी जाए, जिससे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने और परीक्षा देने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को निष्पक्षता, संवेदनशीलता एवं समन्वय के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि भर्ती परीक्षा का सफल एवं पारदर्शी आयोजन प्रशासन और पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। निरीक्षण के दौरान पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।