संवाददाता | उरई/जालौन
अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ एवं पुलिस महानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र श्री आकाश कुलहरि ने जनपद जालौन के भ्रमण के दौरान जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित कर जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
संवाद कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा, यातायात प्रबंधन, महिला सुरक्षा तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित अपने सुझाव एवं अपेक्षाएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। उन्होंने स्थानीय समस्याओं के प्रभावी समाधान एवं पुलिस-प्रशासन के बेहतर समन्वय पर भी अपने विचार साझा किए।
अपर पुलिस महानिदेशक श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा एवं समस्याओं का समाधान पुलिस-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जनप्रतिनिधियों के सुझावों के आधार पर पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
पुलिस महानिरीक्षक श्री आकाश कुलहरि ने भी कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा जनसामान्य की शिकायतों पर त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी जालौन, पुलिस अधीक्षक जालौन सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे। संवाद कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जनहित के मुद्दों के समाधान के लिए प्रभावी पहल पर विशेष जोर दिया गया।