संवाददाता | उरई/जालौन
अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने जनपद जालौन भ्रमण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र श्री आकाश कुलहरि के साथ थाना आटा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक ने थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, अभिलेखों के रख-रखाव एवं परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने तथा थाना परिसर में साफ-सफाई और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनशिकायतों का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। साथ ही कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा अपराध नियंत्रण के लिए सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए।
अपर पुलिस महानिदेशक ने महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए महिलाओं से संबंधित मामलों में त्वरित, संवेदनशील एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने थाना स्तर पर आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने और पुलिस व्यवस्था को अधिक जनोन्मुखी बनाने के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जालौन, क्षेत्राधिकारी कालपी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।