केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर बेसिक शिक्षा विभाग ने आयोजित किया प्रबुद्ध वर्ग संवाद सेवा, संस्कार, सुशासन और सम्मान पखवाड़े के तहत विकास योजनाओं एवं नई शिक्षा नीति पर हुई चर्चा

संवाददाता | कानपुर देहात

केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं राज्य सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित “सेवा, संस्कार, सुशासन और सम्मान पखवाड़े” के अंतर्गत बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा सोमवार को रूरा रोड स्थित शांति उपवन गेस्ट हाउस में प्रबुद्ध वर्ग संवाद कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, नवाचार, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया गया है।

उन्होंने प्रधानमंत्री जन धन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना ने करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़कर वित्तीय समावेशन को मजबूत किया है। वहीं डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) प्रणाली के माध्यम से सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचने से पारदर्शिता बढ़ी है और भ्रष्टाचार में कमी आई है।

राज्य मंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान एक जनआंदोलन बन चुका है, जिसके माध्यम से देशभर में लाखों शौचालयों का निर्माण हुआ और स्वच्छता के प्रति लोगों में व्यापक जागरूकता आई। इससे जनस्वास्थ्य में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिला है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। इस योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को धुएं से मुक्त रसोई उपलब्ध हुई, जिससे महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान को नई मजबूती मिली है।

उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की है। वहीं राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 विद्यार्थियों में रचनात्मकता, कौशल विकास एवं समग्र शिक्षा को बढ़ावा देकर भारत को ज्ञान आधारित समाज बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

कार्यक्रम में डायट प्राचार्य पंकज यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पांडेय, के.एस. चौहान, बउवा पांडेय, खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार सिंह, संजय कुमार गुप्ता, शैलेश द्विवेदी, आनंद भूषण, सपना सिंह, ईश्वर कांत मिश्रा, एसआरजी अनंत त्रिवेदी, अजय कुमार गुप्ता, संत कुमार दीक्षित सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षाविद एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *