आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को लेकर पुलिस अधीक्षक ने स्ट्रांग रूम व कंट्रोल रूम का किया औचक निरीक्षण सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और गोपनीय अभिलेखों की जांच कर दिए सख्त निर्देश

संवाददाता | कानपुर देहात

उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने पुलिस लाइन स्थित स्ट्रांग रूम एवं कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

08 जून से 10 जून 2026 तक आयोजित होने वाली परीक्षा के मद्देनज़र पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा सामग्री की सुरक्षा, गोपनीयता तथा समन्वय व्यवस्था का गहन निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान स्ट्रांग रूम के आसपास तैनात सशस्त्र पुलिस बल की मुस्तैदी, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हो रही लाइव निगरानी तथा डबल लॉकिंग सिस्टम की बारीकी से जांच की गई। उन्होंने सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

अभिलेखों एवं सीलिंग प्रक्रिया की समीक्षा

पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा से जुड़े गोपनीय अभिलेखों के रख-रखाव, सुरक्षा व्यवस्था एवं सीलिंग प्रक्रिया का निरीक्षण करते हुए सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए।

कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली का परीक्षण

परीक्षा अवधि के दौरान जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर यातायात, आवागमन एवं विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के लिए स्थापित कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली का भी परीक्षण किया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता अथवा नकल के प्रयास को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं सुरक्षाकर्मियों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहकर पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात संजय गुप्ता सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *