संवाददाता | कानपुर देहात
आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह तथा पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर रिहर्सल एवं तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी, विद्युत एवं पेयजल सुविधाओं, बैठने की व्यवस्था, स्ट्रांग रूम, कंट्रोल रूम सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित अधिकारी अथवा कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करते हुए परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, अभ्यर्थियों की सघन जांच, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पहले से ही सुनिश्चित कर लिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान संबंधित परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापक एवं अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने पर विशेष जोर दिया।