संवाददाता | कानपुर देहात
पुलिस अधीक्षक जनपद कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में लखनऊ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित ‘मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह’ के अंतर्गत पुलिस लाइन सभागार में हाईस्कूल (कक्षा-10) की परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र कृष्णा यादव पुत्र श्री अनुज यादव को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिसार निरीक्षक ने मुख्यालय से प्राप्त प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार छात्र कृष्णा यादव को प्रदान करते हुए उसकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने छात्र की मेहनत, लगन और अनुशासित अध्ययन की प्रशंसा करते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम, समर्पण और सकारात्मक सोच के बल पर जीवन के प्रत्येक लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने छात्र को भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ आगे बढ़ने और समाज के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनने का संदेश दिया।
सम्मान समारोह के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है और प्रतिभाशाली छात्र देश एवं समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में छात्र के माता-पिता एवं अन्य परिजन भी उपस्थित रहे। उन्होंने इस सम्मान के लिए पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया तथा इसे छात्र के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।