संवाददाता | कानपुर देहात
जनपद की समस्त तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर माननीय विधायक रसूलाबाद श्रीमती पूनम शंखवार, जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय एवं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह ने तहसील रसूलाबाद पहुंचकर आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
तहसील रसूलाबाद में आयोजित समाधान दिवस के दौरान कुल 188 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत की मौके पर जाकर जांच की जाए और निस्तारण के उपरांत शिकायतकर्ता से वार्ता कर उसका फीडबैक भी लिया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने तोरना एवं नारखुर्द ग्रामों से जुड़े अवैध कब्जा एवं अवैध निर्माण के मामलों में आवश्यक कार्रवाई न करने पर संबंधित लेखपालों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई किए जाने हेतु उपजिलाधिकारी रसूलाबाद को निर्देश दिए।
उन्होंने भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर समयबद्ध एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। साथ ही मुख्यमंत्री संदर्भ, जनप्रतिनिधियों के संदर्भ, आईजीआरएस पोर्टल तथा तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक नियमित जनसुनवाई करें, शिकायत पंजिका का विधिवत संधारण करें, प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें तथा आमजन के साथ संवेदनशील एवं शिष्ट व्यवहार सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील रसूलाबाद क्षेत्र में जल जीवन मिशन के अंतर्गत कराए गए कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह को अधिकारियों को चेकलिस्ट उपलब्ध कराते हुए संबंधित ग्रामों का निरीक्षण कराने तथा ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को संकलित करने के निर्देश दिए।
जनपद की अन्य तहसीलों में भी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया, जहां शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सुनकर उनके निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, उपजिलाधिकारी रसूलाबाद सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।