तहसील रसूलाबाद में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सुनीं जनसमस्याएं शिकायतों के निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश, भूमि विवादों में राजस्व-पुलिस की संयुक्त टीम करेगी कार्रवाई

संवाददाता | कानपुर देहात

तहसील रसूलाबाद में जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय की उपस्थिति में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों एवं पीड़ितों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का शत-प्रतिशत निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

भूमि विवादों एवं राजस्व संबंधी मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि राजस्व एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शिकायतों का स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि संबंधी सभी प्रकरणों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम एक साथ कार्रवाई करेगी, जिससे फरियादियों को अलग-अलग विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें और मामलों का शीघ्र, न्यायपूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण हो सके।

पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ताओं को न्याय दिलाने की प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जाए।

इसी क्रम में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों ने भी अपने-अपने सर्किल की तहसीलों में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *