संवाददाता | उरई/जालौन
आगामी आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, उरई में समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई।
बैठक में परीक्षा के सफल संचालन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं पहचान सत्यापन की प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।
गोष्ठी में परीक्षा के दौरान नकल एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण, सीसीटीवी निगरानी, परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा अवधि में यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए, जिससे अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही परीक्षा से जुड़े प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारियों का पूर्ण निष्ठा एवं सतर्कता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से आरक्षी भर्ती परीक्षा जनपद में शांतिपूर्ण, नकलविहीन एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी।