विश्व पर्यावरण दिवस पर बड़ौदा आरसेटी कानपुर देहात में हुआ वृक्षारोपण अधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षुओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

संवाददाता | कानपुर देहात

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बड़ौदा आरसेटी (RSETI) कानपुर देहात परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला उद्यान अधिकारी बलदेव प्रसाद, आरसेटी के निदेशक मयंक कटियार, संस्थान के स्टॉफ, प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं ने सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प व्यक्त किया। अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करना समय की आवश्यकता है।

जिला उद्यान अधिकारी बलदेव प्रसाद ने प्रशिक्षुओं को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराते हुए वृक्षों के सामाजिक, आर्थिक एवं पर्यावरणीय लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वृक्ष प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने, वायु को शुद्ध करने तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

आरसेटी के निदेशक मयंक कटियार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं बल्कि निरंतर चलने वाली सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से अपने घर, गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण के लिए लोगों को प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण हेतु सक्रिय योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *