साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को थाना शिवली पुलिस ने लौटाए ₹15,128 आधार कार्ड अपडेट कराने के नाम पर हुई थी ठगी, शेष धनराशि की बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी

संवाददाता | कानपुर देहात

जनपद कानपुर देहात में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं पीड़ितों को त्वरित राहत प्रदान करने की दिशा में थाना शिवली पुलिस (साइबर हेल्प डेस्क) ने सराहनीय कार्य करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति के खाते में ₹15,128 की धनराशि वापस कराई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना शिवली क्षेत्र निवासी शिवकुमार पुत्र रामशंकर के पास साइबर ठग ने आधार कार्ड अपडेट कराने का झांसा देकर ओटीपी प्राप्त कर लिया और उनके बैंक खाते से ₹36,298 की धनराशि धोखाधड़ी कर ट्रांसफर कर ली।

पीड़ित द्वारा 21 मार्च 2024 को थाना शिवली स्थित साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत प्राप्त होने के बाद थाना शिवली पुलिस की साइबर टीम ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए ठगी गई राशि में से ₹15,128 सफलतापूर्वक वापस कराकर 05 जून 2026 को शिकायतकर्ता के खाते में जमा करा दिए। शेष धनराशि की बरामदगी के लिए अग्रिम कार्रवाई जारी है।

अपनी धनराशि वापस मिलने पर शिकायतकर्ता ने कानपुर देहात पुलिस का आभार व्यक्त किया और साइबर हेल्प डेस्क की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

साइबर सुरक्षा के लिए पुलिस की अपील

  • मोबाइल फोन खोने की स्थिति में तुरंत सीईआईआर पोर्टल या संचार साथी एप्लीकेशन के माध्यम से शिकायत दर्ज करें।
  • ऑनलाइन ठगी या बैंक खाते से अवैध लेनदेन होने पर बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते धनराशि सुरक्षित कराई जा सके।

कार्रवाई करने वाली टीम

  • निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह
  • उपनिरीक्षक सोमवीर सिंह
  • महिला कांस्टेबल प्रीति सोनकर

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर ओटीपी, बैंक विवरण या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक से सतर्क रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *