आरक्षी भर्ती परीक्षा को नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने हेतु गोष्ठी आयोजित जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों, कर्मचारियों व केंद्र व्यवस्थापकों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देशआरक्षी भर्ती परीक्षा को नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने हेतु गोष्ठी आयोजित जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों, कर्मचारियों व केंद्र व्यवस्थापकों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

संवाददाता | कानपुर देहात

आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों (सीधी भर्ती-2025) की लिखित परीक्षा को सुचारु, पारदर्शी एवं पूर्णतः नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में जनपद प्रशासन, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे। इस दौरान परीक्षा संचालन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि भर्ती परीक्षा की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, अव्यवस्था अथवा अनुचित गतिविधि को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर समय से उपस्थित होकर जिम्मेदारी का निर्वहन करें।

पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

बैठक में परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण के लिए भी विशेष रणनीति तैयार की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सुचारु आवागमन के लिए आवश्यक प्रबंध पहले से सुनिश्चित किए जाएं।

प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी सतर्कता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए भर्ती परीक्षा को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *