विश्व पर्यावरण दिवस पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पुलिस लाइन में हुआ वृहद पौधारोपण पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील

संवाददाता | कानपुर देहात

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद को हरित एवं स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

पुलिस अधीक्षक ने अपनी मां के सम्मान और प्रकृति के संरक्षण के संदेश के साथ पौधारोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी लाइन्स, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी शामिल हुए। सभी ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ते हुए पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिस बल को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए हर व्यक्ति को वृक्षारोपण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा।

पुलिस लाइन परिसर में आयोजित इस अभियान के माध्यम से न केवल हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण का संकल्प भी दोहराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *