सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं, निरंतर परिश्रम और अनुशासन से मिलती है कामयाबी : जिलाधिकारी
संवाददाता, कानपुर देहात
माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित राज्य एवं केंद्र स्तरीय बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं प्रधानाचार्यों के सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण जनपद कानपुर देहात में भी देखा एवं सुना गया। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ में आयोजित किया गया था।
जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट परिसर में किया गया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला, रसूलाबाद विधायक श्रीमती पूनम शंखवार, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती रेणुका सचान, जिलाधिकारी कपिल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, प्रधानाचार्य, छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में जनपद स्तर पर सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को ₹21,000 की प्रोत्साहन राशि का चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इन मेधावियों को किया गया सम्मानित
हाईस्कूल वर्ग में छवि, देवांश दुबे, शालिनी राजपूत, आदित्य सिंह, आर्या कुशवाहा, राज श्रीवास्तव, शालू राजपूत, रोशनी एवं अक्षरा पाठक को सम्मानित किया गया।
इंटरमीडिएट वर्ग में यसी, अर्जुन सिंह, प्रिया तिवारी, अमित, अमन कुमार, सिफा, योगेंद्र कुमार, प्रशांत, कोमल एवं प्राची विश्वकर्मा को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके कठिन परिश्रम, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
विधायक श्रीमती पूनम शंखवार एवं भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती रेणुका सचान ने अपने संबोधन में कहा कि मेधावी छात्र-छात्राएं समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी और कहा कि उनकी उपलब्धियां अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि यह निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच का परिणाम होती है। उन्होंने छात्रों को उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए सतत प्रयासरत रहने की सलाह दी तथा अभिभावकों एवं शिक्षकों की भूमिका की भी सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक बृजभूषण चौधरी, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।