मुख्यमंत्री ग्रामीण परिवहन योजना-2026 के तहत नई बस सेवा का शुभारंभ, ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर परिवहन सुविधा

संवाददाता, कानपुर देहात

मुख्यमंत्री ग्रामीण परिवहन योजना-2026 के अंतर्गत रसूलाबाद क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रसूलाबाद की विधायक श्रीमती पूनम शंखवार एवं जिलाधिकारी कपिल सिंह ने बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह बस सेवा तिस्ती, रसूलाबाद से कंहिजरी और रूरा होते हुए अकबरपुर-माती तक संचालित होगी। योजना के तहत शुरू की गई इस सेवा से क्षेत्रीय नागरिकों को सुरक्षित, सुलभ एवं सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की जिला मुख्यालय एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों से कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती पूनम शंखवार ने कहा कि इस बस सेवा का सबसे अधिक लाभ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को मिलेगा। अब क्षेत्र के नागरिकों को जिला मुख्यालय और अन्य आवश्यक स्थानों तक पहुंचने में पहले की अपेक्षा अधिक सुविधा होगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में जनहित से जुड़ी अनेक विकास योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ आम जनता को मिल रहा है।

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रामीण परिवहन योजना के अंतर्गत शुरू की गई यह बस सेवा जनपदवासियों को बेहतर परिवहन सुविधा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

कार्यक्रम में अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, एआरएम रोडवेज, एआरटीओ एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने इस पहल को ग्रामीण विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।

ग्रामीण परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में शुरू की गई यह बस सेवा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *